भाई रणधीर सिंह नगर में नौकर द्वारा मालिक को बेहोश कर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात का मामला सुलझा भी नहीं कि दुगरी इलाके में एक और वारदात ने पुलिस को उलझा दिया है। दुगरी अर्बन इस्टेट फेस-1 के कारोबारी के घर में ढाई साल से खाना बनाने के लिए रखा गया नेपाली नौकर मौका पाते ही 15 लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गया।
घटना का पता तब चला, जब किसी काम से बाहर गया दंपति घर वापस लौटा। सूचना मिलने पर पहुंची थाना दुगरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद दुगरी के रहने वाले कारोबारी कंवलजीत सिंह की शिकायत पर नेपाली नौकर अमर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी कब्जे में ले ली है।
इंस्पेक्टर राजन पाल ने बताया कि कंवलजीत सिंह द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक आरोपी को घर में खाना बनाने के लिए ढाई साल पहले उन्होंने नौकर को काम पर रखा था। वो मूलरूप से नेपाली है। मगर उसका जन्म व पालन पोषण लुधियाना में ही हुआ। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। उसके भाई बहन यहीं रहते हैं। निर्मल नगर की गली नंबर 1 में उसकी पत्नी साफ-सफाई का काम करती है।
उसी कोठी में मालिक ने उन्हें रहने के लिए कमरा दे रखा है। 17 जनवरी के दिन कंवलजीत सिंह अपनी पत्नी समेत किसी काम से बाहर गए हुए थे। उनकी गैर मौजूदगी में आरोपी अलमारी की कुंडी तोड़ कर उसमें रखी 15 लाख रुपये की नकदी चोरी की और फरार हो गया। इंस्पेक्टर राजन पाल ने कहा कि उद्यमी ने नौकर की पुलिस वेरिफिकेशन तो नहीं कराई थी। मगर जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को उसके खिलाफ काफी सुराग मिल गए हैं। पुलिस की टीमें उसके पीछे हैं। जल्दी ही उसे काबू कर लिया जाएगा।