लुधियाना पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब में विधानसभा चुनाव के दिन जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे राजनेताओं का धार्मिक स्थलों पर जाना शुरू हो गया है। कुछ दिन पहले शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल प्राचीन संगला वाला शिवाला में नतमस्तक हुए थे। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रधान अश्वनी शर्मा प्राचीन संगला वाला शिवाला में नतमस्तक होने पहुंचे।
इस दौरान उनके साथ जिले के सभी नेता मौजूद रहे। पंजाब भाजपा प्रधान ने जहां भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया वहीं जलाभिषेक भी किया। मंदिर के मुख्य सेवादार महंत नारायण दास पुरी ने प्रदेश प्रधान को प्राचीन मंदिर के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा मंदिर कमेटी ने भाजपा प्रधान समेत तमाम नेताओं को सम्मानित किया।
सोमवार को भाजपा प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा ने मंदिर में शीश झुकाकर अपनी राजनीतिक दिनचर्या शुरू की। शर्मा सोमवार को लुधियाना के चार विधानसभा हलकों पूर्वी, पश्चिम, उत्तर एवं दक्षिण में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति के बारे में अवगत कराया।
जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश प्रधान कार्यकर्ताओं को भाजपा की नीतियों से अवगत कराया। पंजाब में भाजपा राजनीतिक सक्रियता बढ़ाकर अपनी जमीनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है। इस बार पार्टी ने 117 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया है।