रास्ता न मिलने पर ऑटो ड्राइवर विक्रांत को दो दिन पहले गोली मारने के आरोपी गैंगस्टर गोरू बच्चा और उसके साथियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस की कई टीमें अलग अलग जगहों पर आरोपियों की तलाश में गई हुई हैं। वहीं विक्रांत के परिजनों ने कहा कि जब तक उन्हें इस मामले में इंसाफ नहीं मिल जाता, तब तक वह विक्रांत का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। विक्रांत के परिजन शनिवार को पुलिस कमिश्नर जेएस औलख से मिलने पहुंचे थे।
कमिश्नर ने उन्हें आश्वासन दिया और कहा कि सोमवार तक इस मामले में कोई न कोई हल निकल आएगा। परिजनों को विक्रांत का अंतिम संस्कार करने के लिए कहा, लेकिन परिजन नहीं माने।
विक्रांत के भाई बिट्टू ने कहा कि अभी तक पुलिस के हाथ आरोपियों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है। आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिस वजह से वह पुलिस के हाथ नहीं आ रहे। पुलिस पर भी राजनीतिक लोगों ने दबाव बना रखा है। बिट्टू ने कहा कि पुलिस कमिश्नर ने सोमवार तक का समय मांगा है और उन्हें आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बिट्टू ने कहा कि सोमवार के बाद आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
एडीसीपी 2 सुखपाल सिंह बराड़ ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में कुछ टीमें बनाई है जो आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जहां तक अंतिम संस्कार की बात है तो विक्रांत के ससुराल वालों को कोलकाता से आना है। उनके आने के बाद विक्रांत के परिजन उसके अंतिम संस्कार कर देंगे। उन्होंने कहा कि आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।