विधानसभा हलका पायल से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह लापरां का विरोध शुरू हो गया है। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को बस स्टैंड के सामने लापरां का पुतला फूंका।
इस दौरान रम्मी चोमो, कर्मजीत बाबरपुर, मनजीत रोड़ियां, राजवीर घुडाणी कलां, दविंदर सिंह घुडाणी, अरविंदर दुधाल, मनदीप दौद, मनप्रीत सिंह, दविंदर सिंह, सिमरनजीत सिंह, डॉ. हरदीप सिंह, गुरकीरत सिंह, कुलवीर सिंह और प्रेम सिंह ने आरोप लगाया कि पार्टी ने जिसे पायल से एमएलए लड़ने की टिकट दी है, उसने कई साल पहले गांव के गुरुद्वारा साहिब से गोलक चोरी की थी।
इस संबंध में माफीनामा भी लिखा गया था। सभी सबूत आने वाले दिनों में पेश किए जाएंगे। पहले वे पार्टी से उम्मीदवार को बदलने की मांग करेंगे। उम्मीदवार न बदलने पर सभी सबूत पेश किए जाएंगे। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें पता चला है कि लापरां ने एनआरआई से भी लाखों रुपये पार्टी के नाम पर इकट्ठे किए हैं।
लापरां को उम्मीदवार बनाने से वालंटियरों में भारी गुस्सा है, जिसका नुकसान सीधे तौर पर पार्टी को है। हम केजरीवाल के हक में हैं लेकिन उम्मीदवार का विरोध हमेशा करते रहेंगे। उम्मीदवार को बदला जाना चाहिए
वहीं गुरप्रीत सिंह लापरां ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उननें कहा कि यह उनके विरोधियों की चाल है। लोकतंत्र में रोष प्रदर्शन करने का हक है, हम किसी को रोक नहीं सकते। पार्टी हाईकमान द्वारा सौंपी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाया जाएगा।