लुधियाना। हैबावाल इलाके में मनी ट्रांसफर की दुकान के ताले तोड़ कर चोरों ने दिनदहाड़े एक लाख रुपये करीब की नकदी चोरी कर ली। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए और दुकान मालिक को उस समय पता चला जब वह खाना खाने के बाद घर से दुकान पर लौटा। ताला टूटा देख और सामान बिखरा पड़ा देख उसके होश उड़ गए।
सूचना मिलने के बाद थाना हैबोवाल की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद हैबोवाल कलां के न्यू माया नगर निवासी विक्रम गुंबर की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक करने शुरू कर दिए हैं।
जांच अधिकारी एएसआई दविंदर सिंह ने बताया कि विक्रम गुंबर की हैबोवाल कलां स्थित न्यू सब्जी मंडी में पुली के पास मनी एक्सचेंज की दुकान है। 18 अगस्त की दोपहर बाद 3 बजे वह घर से खाना खाने के लिए गया। जाते समय वह दुकान के बाहर लगे शीशे के गेट को ताला लगा गया। खाना खाने के बाद जब करीब चार बजे वह वापस दुकान पर आया तो देखा कि शीशे के गेट पर लगा ताला टूटा हुआ था। चोर दुकान के गल्ले और बैग में पड़ी नकदी चोरी कर फरार हो गए। विक्रम के अनुसार उसके बैग और गल्ले में करीब एक लाख रुपये की नकदी पड़ी थी। एएसआई दविंदर सिंह ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। अभी तक की जांच में कोई सुराग नहीं लग पाया है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।