फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जुर्म की दुनिया में जाने से पहले कबड्डी का बेहतरीन खिलाड़ी था निक्कू, बड़े बड़े खिलाड़ियों को चुटकियों में चटा देता था धूल

विज्ञापन
विज्ञापन
हलवारा (लुधियाना)। पटियाला पुलिस की गिरफ्त में आया कुख्यात गैंगस्टर तलविंदर सिंह उर्फ निक्कू जुर्म की दुनिया में दाखिल होने से पहले कबड्डी का बेहतरीन खिलाड़ी था। मैदान में अच्छे अच्छों को निक्कू पलक झपकते ही धूल चटा देता था। इसके बाद वह जरायम के पेशे में घुसा और कबड्डी के टूर्नामेंट कराने लगा। जिन मैदानों पर कभी वह बतौर खिलाड़ी खेलता था उन्हीं पर अब वह आयोजक की भूमिका में आ चुका था। उसके जरिए कई गैंगस्टर इन टूर्नामेंट में अपना पैसा लगाते थे।
विज्ञापन

10 मार्च को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद निक्कू ने 11 मार्च को गांव में विशाल और शानदार कबड्डी टूर्नामेंट करवाया। इसमें दो ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल के अलावा लाखों रुपये इनाम भी दिया गया। निक्कू के तार बड़े बड़े खेल माफिया से जुड़ने के बाद कई नजदीकी सहमे हुए हैं। वह बचने के लिए नेता या पुलिस के उच्च अधिकारियों की शरण में हैं।
लुधियाना के करोड़पति कारोबारी ने मिलवाया था हाकम सिंह से
लुधियाना के एक करोड़पति कारोबारी अकाली परिवार ने गैंगस्टर तलविंदर सिंह निक्कू की मुलाकात चुनाव से पहले आप विधायक हाकम सिंह ठेकेदार से कराई थी। लुधियाना स्थित उसी अकाली परिवार के घर पर निक्कू ने चुनाव में हाकम सिंह ठेकेदार की चुनाव में मदद का वादा किया था। बदले में सरकार बनने पर निक्कू को ट्रक यूनियन रायकोट की प्रधानगी देने की डील हुई थी। एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अब विधायक बनने के बाद हाकम सिंह ठेकेदार अपने एक अन्य दबंग साथी को ट्रक यूनियन का प्रधान बनाना चाहते हैं। ट्रक यूनियन की प्रधानगी को लेकर संभावित खूनी संघर्ष की खुफिया रिपोर्ट पहले ही सरकार और उच्च अधिकारियों तक पहुंच चुकी है।
विज्ञापन

ट्रक यूनियन की प्रधानगी को लेकर विधायक से हुई थी बहस
सूत्रों के अनुसार, पता चला है कि तीन दिन पहले ही रायकोट के विधायक हाकम सिंह ठेकेदार से मिलकर निक्कू ने ट्रक यूनियन का प्रधान बनाने की मांग रखी थी लेकिन विधायक ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों में अच्छी खासी बहस भी हुई। हालांकि दोनों की नजदीकी जगजाहिर है लेकिन ट्रक यूनियन की प्रधानगी ने दोनों में खटास बढ़ा दी है।
लुधियाना पुलिस की किरकिरी से आला अधिकारी नाराज
निक्कू की पटियाला पुलिस उसके घर से गिरफ्तार करके ले गई और लुधियाना पुलिस को भनक तक नहीं लगी। इससे पुलिस के आला अधिकारी नाराज हैं। उधर, सूत्रों का कहना है कि एसएसपी केतन पाटिल बलिराम ने थाना सुधार पुलिस की जमकर क्लास भी लगाई है। हालांकि सुधार थाना पुलिस ने मंगलवार को निक्कू के दोस्तों और रिश्तेदारों के घर दबिश भी दी लेकिन हाथ कुछ नहीं लगा।
थाना सुधार के प्रभारी सब इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह ने बताया कि निक्कू के दोस्तों के घर दबिश दी थी लेकिन वे फरार हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि यह मामला कबड्डी में गैंगस्टर्स की घुसपैठ से जुड़ा लग रहा है। जालंधर में हुई अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया से भी इसके तार जुड़े हो सकते हैं। पूरे मामले पर डीजीपी खुद भी नजर रख रहे हैं।
पुलिस पर नजर रखने को घर में लगवाए थे सीसीटीवी
दिसंबर 2021 में जेल से बाहर आए निक्कू ने सुधार गांव स्थित अपने घर में चार सीसीटीवी लगा लिए थे। इन कैमरों से वह पुलिस और खुफिया एजेंसियों की हरकत पर नजर रखता था। पुलिस को चकमा देने के लिए सीसीटीवी की डीवीआर उसने अपने एक दोस्त के घर लगा रखी थी। अपने घर में दिखावे के लिए डमी डीवीआर लगा रखी थी। अब पुुलिस को इसकी जानकारी मिल चुकी है। जल्द ही निक्कू के इस दोस्त पर शिकंजा कसा जा सकता है।
अंबिया की हत्या से जुड़े हो सकते हैं तार
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया की हत्या की जिम्मेदारी दविंदर बंबीहा ग्रुप ने ली थी। पंजाब पुलिस ने इस मामले में कई गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया था। इसी कड़ी में पटियाला पुलिस ने वरना कार में सवार एक बदमाश को पिस्तौल के साथ दबोचा। पूछताछ में उसने निक्कू का नाम लिया। इसके तुरंत बाद पटियाला सीआईए स्टाफ निक्कू को हथियारों समेत उसके घर से गिरफ्तार करके ले गई। लोगों को आशंका है कि निक्कू का संबंध किसी न किसी रूप में अंबिया हत्याकांड से हो सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें