लुधियाना से दूसरे राज्यों को जाने वाली सभी यात्री ट्रेनों में सीट के लिए मारमारी शुरू हो गई है। रक्षाबंधन से पहले ही अपने घर जाने वालों की स्टेशन पर लंबी लाइनें लग रही हैं, लेकिन मुश्किल ये है कि ट्रेनें फुल हैं और सीट कंफर्म नहीं हैं।
रक्षा बंधन के साथ त्योहारी सीजन की शुरुआत होते ही लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। इन ट्रेनों में कंफर्म टिकट के लिए लंबी वेटिंग चल रही है। कई ट्रेनों में तो नो-रूम की स्थिति है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों को जाने वाली यात्री ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है। इन ट्रेनों के जनरल डिब्बों में पैर रखने की भी जगह नहीं है।
विज्ञापन
ऐसे में आरक्षित डिब्बों में कंफर्म सीट पाने के लिए यात्री तत्काल टिकट का सहारा ले रहे हैं। इसके लिए ज्यादा रूपये खर्च करने पड़ रहे हैं। यहां बता दें कि यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और आसाम सहित दूसरे राज्यों से हर साल लाखों की तादाद में प्रवासी मजदूर रोजगार की तालाश में पंजाब, हरियाणा व दिल्ली सहित अन्य राज्यों का रूख करते हैं।
ये लोग पूरा साल मेहनत मजदूरी करने के बाद त्योहारी दिनों को अपने परिवार के साथ मनाने के लिए रक्षा बंधन का त्योहर आते ही अपने गृह राज्यों को वापस लौटना शुरू हो जाते हैं। इसलिए त्योहारी दिनों में पूर्वोत्तर राज्यों को जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ आम दिनों के मुकाबले कई गुना बढ़ जाती है।
विज्ञापन
हालांकि उत्तर रेलवे ने यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों को चलाने की शुरूआत कर दी है। इनके लिए टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। इन ट्रेनों के शुरू होने से नियमित रूप से चल रही ट्रेनों में भीड़ कम होने और यात्रियों को राहत मिलने की संभावना है।