वार्ड नंबर एक में विभाग ने लगाया दूसरा पिंजरा, नाइट विजन दूरबीन और बेहोश करने वाली बंदूक के साथ होगी गश्त
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल। वार्ड नंबर एक में खुंखार तेंदूए की दहशत खत्म होने का नाम नही ले रही और तड़के 3.27 बजे फिर से कॉलोनी की गलियों में तेंदुआ घूमते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। लोगों का कहना है कि तेंदुए के डर से उन्होंने अपने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया है। वहीं नाइट ड्यूटी करने वाले नौकरीपेशा लोगों ने अपने दफ्तरों से छुट्टियां ले ली हैं।
उधर, जंगली जीव सुरक्षा विभाग की टीम ने वार्ड नंबर एक में तेंदुए को पकड़ने के लिए दूसरा पिंजरा भी लगा दिया है। इसके अलावा कॉलोनी में जाल लगाए गए हैं और पूरी रात नाइट विजन दूरबीनों से भी तेंदुए की हरकतों पर नजर रखी जाएगी। साथ ही तेंदुए को बेहोश करने के लिए गन का इस्तेमाल भी किया जाएगा।
जंगली जीव सुरक्षा विभाग के गार्ड इंचार्ज सुखवीर सिंह ने कहा कि पिंजरों में शिकार तो रखा ही जाएगा, साथ ही पूरी रात गश्त भी की जाएगी।एक रात में तेंदुआ 30 किलोमीटर से भी अधिक का क्षेत्र तय कर लेता है। उन्होंने लोगों से रात के अंधेरे में घर से न निकलने के लिए कहा है।