बठिंडा में बुधवार को अपनी बात रखते जगमीत बराड़।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व सांसद जगमीत बराड़ ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि पंजाब के लोगों को बचाने के लिए मेरी लड़ाई परिवारवाद और रजवाड़ा शाही के साथ है।
उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह और प्रकाश सिंह बादल एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, जो प्रदेश के लोगों की भावनाओं से खेलकर फिक्स मैच खेलते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग समझ चुके हैं और इनको आगामी विधान सभा चुनाव में सबक सिखाएंगे।
बराड़ ने कहा कि वह पंजाब के उन शहीदों के परिवारों को साथ लेकर पूरे प्रदेश में अकाली दल और कांग्रेस के खिलाफ रैली निकालेंगे, जिन्होंने देश की आजादी के लिए बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि कैप्टन का तो काम ही झूठ बोलना है, वह झूठ के सहारे पर ही अब पंजाब की सत्ता को हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बादल ने सिर्फ अपने परिवार को आगे बढ़ाया है, जबकि प्रदेश में 34 फीसदी दलितों की आबादी है, उनका ख्याल नहीं रखा। बराड़ ने कहा कि आने वाले दिनों में देश के लिए शहीद हुए करतार सिंह सराभा के पैतृक गांव से एक रैली निकालेंगे। इससे पंजाब के लोग जागरूक हो सकें।
‘किसान खुदकुशियों पर बने विशेष कानून’
जगमीत बराड़ ने कहा कि प्रदेश में खुदकुशियां कर रहे किसानों के लिए एक विशेष कानून बनना चाहिए, जिससे कर्ज के चलते निलाम होने वाली किसानों की जमीन को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि किसानों की खुदकुशियां करने का सबसे बड़ा कारण मौजूदा सरकारों की ओर से किसानों की समस्याओं की तरफ ध्यान न देना है। बराड़ ने नवजोत सिंह सिद्धू के बारे में कहा कि वह एक इमानदार और अच्छी छवि वाले इंसान हैं। इस वजह से वह उनको यही कह सकते हैं कि वह आगे आएं और पंजाब को बचाओ जिस के लिए वह खुद उनका साथ देंगे।