मिठाई, दूध के दस सैंपल जांच के लिए भेजे
संवाद न्यूज एजेंसी
सुनाम ऊधम सिंह वाला। त्योहारों के मद्देनजर फूड सेफ्टी विभाग की ओर से शहर की विभिन्न मिठाई की दुकानों की चेकिंग की गई। मिठाई विक्रेताओं के गोदामों में बन रहे खाद्य पदार्थों की प्रक्रिया की समीक्षा की गई और खाद्य पदार्थों के दस सैंपल लिए गए।
जिला फूड अधिकारी चरणजीत सिंह सहोता ने बताया कि फूड कमिश्नर अभिनव त्रिखा और सहायक कमिश्नर अदिति गुप्ता के दिशा निर्देश के तहत सुनाम में चेकिंग की गई। सहोता ने कहा कि कई गोदामों में सफाई के प्रबंध दुरुस्त नहीं पाए गए और इस संबंधी सख्त हिदायतें दी गई हैं। मिठाई विक्रेताओं से मिठाई बनाने में रंग का प्रयोग नहीं करने के निर्देश दिए हैं। मिलावट को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग की प्राथमिकता लोगों की सेहत है और इससे खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। दस सैंपल लेकर जांच के लिए लेबाेरेटरी में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी। सहोता ने कहा कि विभाग की ओर से भविष्य में भी जांच जारी रखी जाएगी।
फ़ोटो - मिठाइयों से सजी दुकान।