लुधियाना। चोरी और लूटपाट गिरोह के पांच शातिरों को थाना जमालपुर के अधीन आती चौकी मुंडियां कलां की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से सात मोबाइल बरामद किए गए हैं। आरोपियों की निशानदेही पर 10 दो पहिया वाहन भी बरामद हुए हैं, जिनमें छह मोटरसाइकिल और चार स्कूटी शामिल हैं। इसके अलावा 6500 रुपये भी मिले हैं।
आरोपियों की पहचान जीवन नगर निवासी फिरोज खान, साइकिल मार्केट निवासी मोहम्मद कलीम, मलेरकोटला के गांव नसीहरा निवासी मिट्ठू, मोहल्ला जनता नगर निवासी अमरप्रीत सिंह उर्फ विक्की और प्रदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एडीसीपी-4 रुपिंदर कौर सरां ने बताया कि पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। सूचना मिलने पर पुलिस कार्रवाई की तो आरोपियों ने फरार होने की कोशिश तो की, लेकिन उन्हें काबू कर लिया गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी चोरी के वाहनों पर ही ज्यादातर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे।