लुधियाना की कपड़ा फैक्टरी में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
राहोंरोड गहलेवाल स्थित कृष्णा कालोनी में बनी कुद्दू फैब्रिक्स में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ग्राउंड फ्लोर पर बुरी तरह फैल गई।
आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थी। पहले तो फैक्टरी वालों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दस गाड़ियां मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग बहुत ज्यादा फैल चुकी थी। आग की भयावहता को देखते हुए खन्ना और समराला से दमकलों को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने चक्कर लगाकर 50 से 60 गाड़ी पानी आग पर डाला। पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
कुद्दू फैब्रिक में कपड़ा तैयार किया जाता है। इसके अलावा फैक्टरी में टी शर्ट बनाने का कच्चा माल तैयार होता है। बुधवार दोपहर करीब एक बजे फैक्टरी के ग्राउंड फ्लोर पर चल रही मशीन में आग लग गई। धुआं निकलता देख मजदूरों ने आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। जब आग काबू में नहीं आई तो ग्राउंड फ्लोर पर काम कर रहे मजदूर बाहर की तरफ आ गए। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी फैक्टरी मालिक गंगा मित्तल, गौरव मित्तल और गौतम मित्तल को दी। उन्होंने फैक्टरी मुलाजिमों के साथ सीज फायर सिस्टम से आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन वह भी कामयाब नहीं हो सके।
आग बढ़ती देख फैक्टरी में काम कर रहे सभी मजदूर बाहर की तरफ भागे। उन्होंने फैक्टरी के अंदर से माल को बाहर निकालना शुरू कर दिया। जितना सामान वह निकाल सकते थे उन्होंने निकाला। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड विभाग की गाड़ियां भी पहुंच गई। आग फैक्टरी के अंदर इतनी फैल चुकी थी कि उसने फैक्टरी के स्टोर और गोदाम दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में फैक्टरी का करोड़ों रुपये का माल पड़ा हुआ है। इसके अलावा फैक्टरी का कुछ हिस्सा गिरने के कगार पर पहुंच चुका है।