लुधियाना में प्रदर्शन करते ज्वेलर।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय बजट में सोने और हीरे के आभूषणों पर लगी एक फीसदी सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी के विरोध में ज्वेलर्स और स्वर्णकारों ने मंगलवार को लगातार बीसवें दिन भी दुकानें बंद रखीं।
कारोबारियों ने केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की शव यात्रा निकाली, नारेबाजी कर कुछ देर के लिए कोर्ट रोड पर ट्रैफिक जाम किया। कारोबारियों ने साफ किया कि ड्यूटी को खत्म करवाकर ही दम लिया जाएगा।
केंद्रीय बजट में ड्यूटी लगने के एलान के साथ ही ज्वेलर्स दो मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। ज्वेलर्स और स्वर्णकार रोजाना सड़कों पर उतरकर रोष प्रदर्शन कर अपना विरोध जता रहे हैं। हालांकि कारोबारियों के केंद्रीय नेतृत्व की सरकार के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अभी तक कोई रास्ता नहीं निकल पाया है।
पंजाब ज्वेलर्स एवं स्वर्णकार संघ के प्रधान आनंद सीकरी के नेतृत्व में कारोबारी फव्वारा चौक पर जमा हुए। वहां से केंद्रीय वित्त मंत्री की शव यात्रा निकाली गई। इसके बाद कारोबारी फव्वारा चौक से होते हुए कोर्ट रोड पर पहुंचे और वहां कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम किया। इसके बाद सभी कारोबारी वापस फव्वारा चौक पहुंचे। इस दौरान केंद्र सरकार, पीएम नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस अवसर पर शिव धीर, मनोज ढांडा समेत कई कारोबारी मौजूद रहे।