लुधियाना की जिला अदालत गुरुवार दोपहर करीब 12.15 बजे बम धमाके से दहल उठी। अदालत की दूसरी मंजिल स्थित शौचालय में हुए धमाके में एक की मौत हो गई, जबकि छह घायल हुए। धमाके की आवाज डेढ़ से दो किलोमीटर तक सुनी गई हैं। आसपास की इमारतों के शीशे चटक गए। बाथरूम के अंदर की सभी दीवारें तक उड़ गई। मामले की गंभीरता को देखते चंडीगढ़ से फॉरेंसिक टीम व दिल्ली से एनएसजी टीम मौके पर पहुंची। एनआईए की टीम भी दिल्ली से रवाना हो चुकी है।
राज्य के गृहमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपध्याय मौके पर पहुंचे। बाद में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी घायलों का हाल-चाल जानने अस्पताल पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी मामले की रिपोर्ट पंजाब सरकार से मांग ली है। बाथरूम के अंदर से क्षत-विक्षत शव मिला है।
शव की पहचान नहीं हो पाई है। माना जा रहा है कि बम प्लांट करते ही की मौत हुई है। यह भी आशंका व्यक्त की जा रही है कि शायद बम पहले से लगा था विस्फोट के वक्त काफी नजदीक रहे होंगे। धमाके में घायल संदीप कौर (31) रायकोट, शरणजीत कौर (25) जमालपुर लुधियाना, मनीश कुमार (32) वृंदावन रोड लुधियाना और कृष्ण खन्ना (75) निवासी फेस वन दुगरी को पास के अस्पताल में दाखिल कराया।
देर शाम पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है। पुलिस ने एफआईआर में 13 धाराएं लगाई हैं, जिनमें आईपीसी की धारा 302, 307, विस्फोटक अधिनियम और डैमेज ऑफ पब्लिक प्रापर्टी सहित अन्य धाराएं शामिल हैं। ब्लास्ट में आरडीएक्स या आईईडी का इस्तेमाल करने की संभावना जताई जा रही है।
कुछ देर से होता ब्लास्ट तो भयानक होती स्थिति
गुरुवार को कोर्ट परिसर में धमाका लगभग 12.15 बजे के आसपास हुआ था लेकिन अगर यही धमाका एक बजे के बाद होता तो स्थिति और भयानक हो सकती थी। क्योंकि एक से दो बजे तक कोर्ट परिसर में लंच टाइम होता है। इस समय सबसे ज्यादा चहल पहल होती है। वहीं लंच टाइम के समय जहां पर ब्लास्ट हुआ है, उसके बाहर काफी वकील एकत्र होकर बैठते है। ऐसे में धमाके से जानमाल का नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।
धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि लोगों को सुनना मुश्किल हो गया था। बाथरूम से जो शव मिला है, उसकी फॉरेंसिक जांच के साथ डीएनए टेस्ट होगा। पुलिस को आसपास सभी एरिया के सीसीटीवी कैमरा की जांच में लगा दिया गया है, ताकि पता चल सके कि कौन बम को लेकर अंदर आया था। धमाके में कौन सी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, इसकी जांच शुरू हो गई है। केंद्र की एजेंसी भी इस मामले की जांच करेंगी। सुखजिंदर रंधावा, गृहमंत्री पंजाब
लगभग 12.15 बजे कोर्ट परिसर की दूसरी मंजिल पर धमाका हुआ है, इसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है और छह घायल हुए हैं। धमाका रिकॉर्ड रूम के साथ बने बाथरूम में हुआ है। पुलिस को मौके पर से एक शव मिला है। आशंका है कि बम प्लांट करते वक्त धमाका हुआ हो या बम के काफी नजदीक हों। यह विषय अभी जांच का है। गुरप्रीत सिंह भुल्लर, पुलिस कमिश्नर लुधियाना।
नशे के सौदागरों पर केस दर्ज करने का नतीजा है ब्लास्ट: चन्नी
बम धमाके के घायलों का हाल जनने पहुंचे मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सीधे तौर पर कहा कि नशे के सौदागार बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ केस दर्ज किया है, इसलिए बम ब्लास्ट और बेअदबी की घटनाएं हो रही हैं, ताकि केस से ध्यान भटकाया जा सके। पुलिस सभी घटनाओं को जोड़कर जांच करेगी।