मृतक कुलविंदर सिंह की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद
पंजाब के रायकोट के गांव कलसियां से मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना हुई है। यहां आत्महत्या कर रहे बेटे को बचाते हुए पिता की ही जान चली गई। मृतक की पहचान किसान कुलविंदर सिंह के तौर पर हुई है। परिवार में कलह के कारण किसान कुलविंदर सिंह के बेटे सहजप्रीत सिंह उर्फ सहज ने आत्महत्या करने के लिए गांव के छप्पड में छलांग लगा दी, बेटे को बचाने के लिए कुलविंदर सिंह भी कूद गया। इस घटना में कुलविंदर सिंह की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसके बेटे सहज को गांव के लोगों ने बचा लिया।
कुलविंदर सिंह गांव के पूर्व सरपंच पाल सिंह का बेटा था। कुलविंदर सिंह की मौत के बाद गांव में कई तरह की बातें हो रही हैं। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बेटे को बचाने में पिता की डूबने से मौत हुई है। परिवार ने पुलिस को बताया है कि बाइक अनियंत्रित होकर छप्पड़ में जा गिरी जिसके चलते कुलविंदर सिंह की मौत हो गई है और सहज बच गया।
थाना सदर रायकोट के प्रभारी नरिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुलविंदर सिंह और उनके बेटे सहज में किसी बात को लेकर तकरार हुआ था। सहज घर से चला गया और कुलविंदर अपने दूसरे बेटे को साथ लेकर उसे मनाने पीछे आया। छप्पड़ के पास दोबारा तकरार हो गई और सहज ने छलांग लगा दी। बेटे को बचाने के लिए कुलविंदर भी उसके पीछे कूद गया। छप्पड़ में दलदल के कारण दोनों डूबने लगे लेकिन लोगों ने किसी तरह सहज को बाहर निकाल लिया।
थाना प्रभारी नरिंदर सिंह ने बताया कि कुलविंदर सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है जबकि सहज का इलाज चल रहा है। परिवार के बयानों पर 174 की कार्रवाई की जा रही है। जांच में अन्य तथ्य सामने आने पर अन्य धाराएं भी जोड़ दी जाएंगी।