पंजाब के जगरांव इलाके के गांव हांस कला स्थित चिकन कॉर्नर पर चल रही जन्मदिन पार्टी के दौरान दोस्तों में आईफोन को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। जिसका उपचार जगरांव के सिविल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश में पुलिस छापे मार रही है।
थाना सदर जगरांव प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि शनिवार को रणदीप सिंह (21) के दोस्त हरप्रीत सिंह निवासी हांस कला का जन्मदिन था। उसके दोस्त रणदीप सिंह निवासी गांव पुडैन, मनदीप सिंह निवासी दशमेश नगर जगरांव, हरप्रीत सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी गांव चंगणा और रवींद्रजीत सिंह निवासी पुडैन सभी हांस कला में एकत्र हुए थे। पहले सभी दोस्तों ने मिलकर घर में केक काटा। इसके बाद सभी दोस्त एक साथ गांव के पेट्रोल पंप के पास बने चिकन कॉर्नर पर पार्टी करने चले गए। यहां बैठकर सभी ने शराब पी।
मनदीप सिंह ने अपना आईफोन हरप्रीत सिंह चंगणा को देने के बारे में सभी दोस्तों को बताया। इसी दौरान रणदीप सिंह ने कहा कि तुमने तो अपना फोन हरप्रीत सिंह निवासी गांव हांस कला को उसके जन्मदिवस पर देना था। तुमने अपना फोन इसे क्यों दिया। इस बात को लेकर इनकी आपस में बहस हो गई।
बात इतनी बढ़ गई कि मनदीप सिंह एवं हरप्रीत सिंह चंगणा ने रणदीप सिंह पर चाकू से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। जब रणदीप सिंह के भाई रवींद्रजीत सिंह और लखवीर सिंह ने रणदीप सिंह को बचाने की कोशिश की तो उन्होंने इन दोनों पर भी चाकू से हमला करके घायल कर दिया।
गंभीर रूप से जख्मी रणदीप सिंह को उसका भाई रवींद्रजीत सिंह एवं उसके दोस्त जगरांव के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसका इलाज करने से इनकार कर दिया जिसके बाद वह रणदीप सिंह को सिविल अस्पताल जगरांव ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने रणदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया। इस झगड़े में घायल हरप्रीत सिंह निवासी गांव हंसकला का इलाज सिविल अस्पताल जगरांव में चल रहा है। जबकि दूसरे घायल युवक लखबीर सिंह सिविल अस्पताल रायकोट में उपचाराधीन है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक रणदीप सिंह के भाई रवींद्रजीत के बयान के आधार पर मनदीप सिंह निवासी दशमेश नगर जगरांव और हरप्रीत सिंह निवासी गांव चंगणा के खिलाफ थाना सदर जगरांव में हत्या का मामला दर्जकर लिया गया है।