तीनों कार लेकर घर से जालंधर के लिए निकल पड़े। जब वह हार्डीस वर्ल्ड के पास पहुंचे तो उनकी कार का पेट्रोल खत्म हो गया। संजीव ड्राइविंग सीट पर बैठ गया और दोस्तों ने कार को धक्का मारना शुरू कर दिया। इस दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अरुण (24) और कृष्णा (24) को कुचल दिया। उसके बाद ट्रक कार को भी कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में तीनों बुरी तरह घायल हो गए और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
अरुण की पांच महीने पहले ही हुई थी शादी
मृतकों में शामिल अरुण की पांच महीने पहले ही शादी हुई थी। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में मातम फैल गया। लोगों का कहना था कि तीनों बेहद अच्छे दोस्त थे। अक्सर वह तीनों इकट्ठे ही घूमने जाते थे।
थाना सलेम टाबरी पुलिस ने बताया कि आरोपी ट्रक ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था। उसकी तलाश की जा रही है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक के नंबर से उसके मालिक का पता लगाया जाएगा। ड्राइवर कौन था, इसका पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।