राजीव गांधी की प्रतिमा को साफ करता कांग्रेसी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना के सलेमटाबरी पार्क में लगी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा को दो लोगों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। यही नहीं, एक युवक ने बुत के गले में टायर भी डाला। इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए रमनदीप सिंह मंगू मठ ने इसकी जिम्मेदारी ली। इसके बाद हरकत मेें आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव बोहरा निवासी मुख्य आरोपी मंगू मठ और मोहल्ला पीरूबंदा निवासी उसके साथी सतपाल नवीं को गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि सलेमटाबरी पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की यह प्रतिमा काफी समय पहले लगी थी। इसके बारे में यहां के कांग्रेसी नेताओं को भी कुछ पता नहीं था। साल 2018 में एक मुद्दे को लेकर यूथ अकाली जिला प्रधान गुरदीप गोशा और मीतपाल दुगरी ने इस प्रतिमा पर कालिख पोत दी थी। उस समय कांग्रेस नेता गुरसिमरन मंड ने अपनी पगड़ी से कालिख को साफ किया था। अब कांग्रेस नेता प्रतिमा के आसपास बने पार्क को विकसित करवा रहे हैं। इस वजह से प्रतिमा कपड़े से ढकी थी। बुधवार दोपहर बाद अचानक दो व्यक्ति पार्क में पहुंचे। उन्होंने पहले प्रतिमा पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी।
दूसरे व्यक्ति ने बुत के गले में टायर डाल दिया। इस पूरे घटनाक्रम की एक तीसरे व्यक्ति ने वीडियो बनाई। घटनाक्रम को अंजाम देने के बाद एक व्यक्ति ने खुद को रमनदीप सिंह मंगू मठ बताते हुए साफ शब्दों में साफ कहा कि गुरसिमरन मंड कह रहा था कि पूरे पंजाब में राजीव गांधी की प्रतिमा लगाएगा। लेकिन वे ऐसा हरगिज नहीं होने देंगे। सूबे में कहीं भी राजीव गांधी या सोनिया गांधी की प्रतिमा लगाई तो इसी तरह आग के हवाले किया जाएगा।
मौके पर पहुंचे कांग्रेस जिला प्रधान अश्वनी शर्मा ने कहा कि इस मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस अधिकारियों को कहा गया है। अगर किसी की शरारत इसमें नजर आती है तो उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने गांव बोहरा निवासी मुख्य आरोपी मंगू मठ और मोहल्ला पीरूबंदा निवासी उसके साथी सतपाल नवीं को गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले मामले की जांच कर रहे थाना सलेमटाबरी प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि जांच में इतना ही पता चला है कि बुत को कपड़े से ढका गया था और कपड़े में आग लगने से बुत को नुकसान पहुंचा है। इसके बाद पुलिस ने पार्क में काम कर रहे मजदूरों से भी पूछताछ की और आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। इनसे हुई पहचान के आधार पर देर रात आरोपी मंगू मठ और उनके साथी सतपाल को गिरफ्तार कर लिया गया।