बेटी ने मां की देखभाल के लिए भाई-भाभी को घर में दी थी जगह
रायकोट के मोहल्ला बैंक कॉलोनी में कलयुगी बेटे जसवीर सिंह और बहु गुरप्रीत के खिलाफ रायकोट सिटी पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। थाना सिटी रायकोट के प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि 85 वर्षीय महिला गुरनाम कौर पत्नी स्वर्गीय प्यारा सिंह अपने बेटे जसवीर सिंह और बहू गुरप्रीत कौर के साथ रहती हैं। ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली हरप्रीत कौर ने अपनी बजुर्ग मां गुरनाम कौर की देखभाल के लिए भाई जसवीर सिंह और भाभी गुरप्रीत कौर को भी घर पर रहने की जगह दी थी, लेकिन जसवीर पत्नी के साथ बूढ़ी मां पर अत्याचार करने लगा।
इस तरह आरोपी बहू-बेटे के खिलाफ हुई कार्रवाई
पिछली बार हरप्रीत कौर ने ऑस्ट्रेलिया जाने से पहले घर के कोने-कोने में सीसीटीवी लगवा दिए। मंगलवार को हरप्रीत कौर ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की तो उसकी बुजुर्ग मां गुरनाम कौर को उसका भाई जसवीर सिंह पत्नी गुरप्रीत कौर के साथ मिलकर पीट रहा था। हरप्रीत ने फुटेज रिकॉर्ड करके लुधियाना के हसनपुर स्थित मनुखता दी सेवा समाजसेवी संस्था के संस्थापक गुरप्रीत सिंह मिंटू को भेजी। गुरप्रीत सिंह मिंटू तुरंत अपनी टीम के साथ पीड़ित बुजुर्ग गुरनाम कौर के घर पहुंच। उन्होंने घायल गुरनाम कौर को इलाज के लिए रायकोट के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया। डॉक्टरों ने रायकोट के सिटी पुलिस स्टेशन में एमएलआर भेज दी। गुरप्रीत सिंह मिंटू ने रायकोट सिटी पुलिस स्टेशन प्रभारी अमरजीत सिंह को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद बुजुर्ग गुरनाम कौर के बयान दर्ज किए गए।
बुजुर्ग बोली- खाना मांगने पर भी पीटते हैं बहू और बेटा
गुरनाम कौर ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा जसवीर सिंह और बहू गुरप्रीत कौर मिलकर पिछले काफी समय से उसके साथ मारपीट कर रहे थे। खाना मांगने पर भी उसे पीटा जाता था। थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड की मांग की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज और डीवीआर भी सुबूत के तौर पर कब्जे में ली है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: पंजाब में कल चक्का जाम: पनबस और पीआरटीसी की 2500 बसों के थम जाएंगे पहिए... यात्रियों की बढ़ी टेंशन