शराब पीने और शराब के पैसों को लेकर पति-पत्नी के बीच देर रात तकरार हो गई। इससे गुस्साए पति ने पत्नी का गला दबा कर उसे मौत के घाट उतार दिया। जानकारी मिलते ही थाना शहीद भगत सिंह नगर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी 29 वर्षीय सोनू पासी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। मृतका की पहचान 27 वर्षीय पूनम के तौर पर हुई है।
जानकारी के अनुसार सोनू अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ जवद्दी कलां इलाके में मनजीत सिंह के क्वार्टर में रहता था। वह इलाके के जिम में मालिश करने का काम करता था। सोनू को शराब पीने की आदत थी। पूनम उसे शराब पीने से रोकती थी। इसलिए दोनों के बीच तकरार रहती था। सोनू पूनम के चरित्र पर भी शक करता था।
वीरवार देर रात वह शराब पीकर आया और फिर उसकी पत्नी के साथ कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर उसने पत्नी के साथ मारपीट की और उसका गला दबा दिया। पुलिस ने पूनम के भाई अमित की शिकायत पर सोनू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी कमलदीप सिंह का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।