लावारिस घूम रही बच्ची के बारे में पुलिस को सूचना देने वाले बाबा दीप सिंह नगर निवासी कृष्णा को अवैध रुप से पीटने वाले थाना फोकल प्वाइंट में तैनात एएसआई सुरिंदर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने उसे सस्पेंड करने के बारे में रिपोर्ट बनाकर अधिकारियों को भेज दी है। एएसआई को लाइन हाजिर करने के बाद इलाके के लोग शांत हुए। लोगों का कहना था कि एक तरफ पुलिस मीटिंग कर जनसहयोग की मांग करती है। अगर कोई व्यक्ति सहयोग करता है तो उसकी पिटाई की जाती है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात शेरपुर कलां में दस साल की एक बच्ची रास्ता भटक गई और सड़क पर घूमने लगी। कृष्णा ने बच्ची को पकड़ कर इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद एएसआई सुरिंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कृष्णा को शाबाशी देने के बजाय उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी और उसे अपने साथ थाने ले गई। जब इलाके के लोगों को इसका पता चला तो उन्होंने एएसआई के रवैये के खिलाफ थाना फोकल प्वाइंट के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने युवक को छोड़ दिया। इसके बाद सोमवार दोपहर फिर लोगों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया।
लोगों ने मांग की है कि युवक से मारपीट करने वाले एएसआई के खिलाफ कार्रवाई कर उसे सस्पेंड किया जाए। सूचना मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को मंगलवार तक इंसाफ देने का आश्वासन देकर भेज दिया। मंगलवार को जब लोग थाने के बाहर इकट्ठा हो गए तो अधिकारियों ने उन्हें कहा कि कृष्णा को पीटने वाले एएसआई सुरिंदर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके बाद लोग शांत हुए। एसीपी साउथ राजिंदर चीमा ने कहा कि एएसआई सुरिंदर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर उसे सस्पेंड करने की सिफारिश की गई है। अब आगे की कार्रवाई पुलिस के उच्चाधिकारी करेंगे।