लुधियाना में कबाड़ के खाली गोदाम में ब्लास्ट
- फोटो : file photo
ग्यासपुरा इलाके में मंगलवार को कबाड़ छंटनी के दौरान हुए ब्लास्ट में घायल बच्चों ने बयान दिया है कि गोदाम मालिक सीस पाल के भतीजे गुरमीत सिंह उर्फ बिट्टू और अजय कुमार सोनी पैसे का लालच देकर उनसे कबाड़ छंटनी करवाते थे। पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल दोनों बच्चों की हालत अब खतरे से बाहर है।
पुलिस ने इस मामले में बीएमआर फैक्टरी के मालिक कुंज बिहारी की शिकायत पर गुरमीत सिंह उर्फ बिट्टू और अजय कुमार सोनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अभी दोनों आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। चंडीगढ़ में दोनों बच्चों ने जज के सामने भी बयान दर्ज करवा दिए हैं।
कुंज बिहारी की शिकायत के मुताबिक वह अपनी फैक्टरी में बैठा था इसी दौरान कबाड़ के गोदाम में जोरदार धमाका हुआ। जब वह बाहर की तरफ गया तो बिट्टू अपनी एक्टिवा पर वहां से भाग गया। जब वह गोदाम में गए तो अंदर दोनों बच्चे बुरी तरह से घायल थे। उन्होंने पुलिस को सूचना देकर दोनों को अस्पताल में दाखिल करा दिया।
बाद में पता चला कि बिट्टू और सोनी अक्सर गोदाम में आते थे। वह दोनों बच्चों को पैसे और अन्य सामान का लालच देकर गोदाम में से कबाड़ छंटनी करवाते थे। मंगलवार को उन्होंने बच्चों को वहां पड़े छोटे पिलर में से सरिया निकालने के लिए कह दिया। जब दोनों बच्चे हथोड़े से पत्थर तोड़ रहे थे तो अचानक ब्लास्ट हो गया।
थाना फोकल प्वाइंट के एसएचओ सब इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस ने जांच के बाद सोनी और बिट्टू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों बच्चों ने भी बुधवार को जज के सामने बयान दर्ज करवा दिए हैं। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।