पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के लुधियाना के जगरांव में मंगलवार को गोलियां चली हैं। गोलियां चलने की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना जगरांव के गांव तरफ कोटली की है। यहां दो गुटों में जमीन विवाद के चलते गोली चल गई। गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हुआ है।
गोली गुरप्रीत सिंह को लगी, जो पेट के नीचे से आर-पार हो गई। घायल को पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे लुधियाना रेफर कर दिया। घायल गुरप्रीत सिंह, मोगा के गांव दोलेवाल का रहने वाला है। घटना उस समय हुई जब एनआरआई मनदीप सिंह अपने साथियों के साथ गांव पहुंचा। वह 31 एकड़ जमीन पर खड़ी गेहूं की फसल काटने आया था। तभी किसी ने गोली चला दी। गोली गुरप्रीत सिंह को लगी, जो एनआरआई मनदीप सिंह के साथ आया था।
घटना की जानकारी मिलते ही गिद्दड़विड़ी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच शुरू कर दी गई है। चौकी इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि घायल के बयान लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चर्चा है कि गोली जमीनी विवाद को लेकर चलाई गई है। घायल की हालत अब नाजुक बताई जा रही है।
विवाद की शुरुआत 2023 में हुई थी। पुलिस के अनुसार एनआरआई मनदीप सिंह की जमीन कुछ लोगों ने लुधियाना निवासी गगनदीप सिंह बराड़ को बेच दी थी। रजिस्ट्री और इंतकाल भी हो गया था। जब मनदीप सिंह को इसकी जानकारी मिली तो वह विदेश से लौट आया। उसने जाली कागजों के आधार पर रजिस्ट्री करवाने वालों पर केस दर्ज करवाया। इसके बाद मनदीप सिंह और गगनदीप सिंह के बीच जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्ष जमीन पर अपना हक जताने लगे।
2025 में गगनदीप सिंह अपने साथियों के साथ गेहूं की फसल काटने गांव पहुंचा। एनआरआई ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गगनदीप सिंह को फसल काटने से रोका। उसके वाहनों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद गगनदीप सिंह ने लुधियाना में प्रेस वार्ता कर पुलिस पर धक्केशाही के आरोप लगाए। कहा कि बिना किसी आदेश के उन्हें ही उनकी रजिस्ट्री वाली जमीन पर फसल काटने से रोका गया। अब जब एनआरआई मनदीप सिंह अपने साथियों के साथ फसल काटने पहुंचा तो चर्चा है कि दूसरे गुट के लोगों ने फायरिंग कर दी। गोली गुरप्रीत सिंह को लगी, जो आर-पार हो गई।