कनाडा जाने के सपने देख रहे बस्सियां वासी जसवीर सिंह को वीजा तो नहीं मिला लेकिन पत्नी लवलीन द्वारा भेजा गया तलाक का नोटिस जरूर मिल गया है। जसवीर सिंह ने लाखों रुपये तो गंवाए ही, साथ ही गांव और समाज में किरकिरी भी हो गई। परिवार गहरे सदमे में है। तलाक का नोटिस मिलने के बाद जसवीर सिंह ने जिला लुधियाना ग्रामीण पुलिस प्रमुख एसएसपी नवनीत सिंह बैंस को शिकायत दी।
शिकायत की जांच डीएसपी (डी) संदीप सिंह वढ़ेरा द्वारा की गई जिसमें जसवीर सिंह के आरोप सही पाए गए। थाना सिटी रायकोट में एसएसपी बैंस के आदेश पर जसवीर सिंह की पत्नी लवलीन कौर, सास गुरमीत कौर और ससुर रविंदर सिंह वासी मोहल्ला कौडियां रायकोट के खिलाफ धारा 318(4),37,61 के अधीन केस दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दविंदर सिंह ने बताया कि लवलीन कौर को उसके कनाडा के पते पर कानूनी नोटिस भेजे जा रहे हैं जबकि रायकोट में रह रहे जसवीर सिंह के सास-ससुर को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जसवीर सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि लवलीन और उसके परिवार को 13 लाख रुपये देने के बाद वो और रुपयों की मांग करने लगे जबकि लवलीन ने कनाडा दूतावास में लगाई उसके वीजा की फाइल बिना बताए वापस ले ली। फाइल लगाने की तमाम फीस भी उसने खुद ही वहन की थी। इसके अलावा कनाडा दूतावास द्वारा उसके बायोमेट्रिक और मेडिकल करवाने के लिए जो ई-मेल और संदेश लवलीन को भेजे गए उसके बारे में भी जानकारी नहीं दी गई।
लवलीन और उसके माता-पिता ने साजिश के तहत चक्रव्यूह रच के धोखाधड़ी की और कनाडा बुलाने के बजाय तलाक का नोटिस भेज दिया। पीड़ित जसवीर सिंह ने बताया कि शादी से पहले बाकायदा ये बातें साफ की गई थी कि लवलीन कनाडा जाने के बाद स्पाउस वीजा के लिए आवेदन करेगी। लेकिन 13 लाख रुपये लेने के बाद आरोपी और रुपयों की मांग करने लगे जबकि लवलीन ने वीजा के लिए जरूरी तमाम कागजी कार्रवाई को जानबूझ कर खराब किया ताकि वीजा ना लग सके। जब उसने और पैसे देने से इंकार कर दिया तो लवलीन ने कनाडा से तलाक का नोटिस भेज दिया। जसवीर के अनुसार उसने कई बार रिश्तेदारों की बैठक और पंचायत बुलाई लेकिन आरोपी टस से मस नहीं हुए। लवलीन ने ना ही उसे कनाडा बुलाया और ना ही पैसे वापस किए। थक हारकर उसने पुलिस में शिकायत कर दी।