लुधियाना के फिरोजपुर हाईवे स्थित एलिवेटेड रोड पर शुक्रवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। 100 की स्पीड से दौड़ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी दिशा से आ रहे बाइक सवार पर जा गिरी। इस हादसे में दो की मौत हो गई। मरने वालों में कार चला रहा जर्नलिज्म का छात्र और बाइक सवार कूरियर ब्वॉय है, जबकि कार में सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल का उपचार दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसी) में चल रहा है।
बाइक सवार मृतक की पहचान जगदीश कुमार (42) और स्टूडेंट गौरांश के रूप में हुई है। जबकि अस्पताल में दाखिल गौरांश का दोस्त है जिसकी पहचान चरणजोत के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद थाना सराभा नगर और उसके अधीन आने वाली चौकी रघुनाथ एन्क्लेव की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गौरांश और उसका दोस्त कार में सवार थे। कार भारत नगर चौक से थरीके की तरफ जा रही थी। कार की रफ्तार 100 के करीब थी। जैसे ही कार गडवासू के वेटरनरी अस्पताल के सामने एलिवेटेड रोड पर पहुंची, चालक नियंत्रण खो बैठा। कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी तरफ सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार जगदीश कुमार के ऊपर जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार काफी दूर जा गिरा और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, कार चला रहे छात्र गौरांश को भी गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को डीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जगदीश और गौरांश को मृत घोषित कर दिया।
मृतक जगदीश कुमार एक निजी कंपनी में कूरियर ब्वॉय का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी व दो छोटे बच्चे हैं। वह परिवार में अकेला कमाने वाला था। वहीं, मृतक छात्र गौरांश के पिता फैक्टरी संचालक हैं। सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और वे अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।