चोर गिरोह के सदस्यों ने डुगरी इलाके में एक इलेक्ट्रानिक शॉप को अपना निशाना बनाया। मालिक दुकान को बंद कर अपने घर चले गए और उसके आधे घंटे बाद ही दुकान का शटर उखाड़ कर अंदर घुस गए। चोर दुकान के अंदर से अलग-अलग कंपनियों के 55 मोबाइल फोन, आठ लैपटॉप, एलईडी और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। आरोपी सुबह इसी दुकान से दो हजार का मोबाइल खरीदकर ले गए थे।
घटना का पता तब चला जब दुकान मालिक सुबह आए। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना मॉडल टाऊन की पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान मालिक राहुल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है।
राहुल ने अनुसार वह बुधवार रात करीब पौने दस बजे दुकान बंद कर दी। करीब आधे घंटे बाद ही चोरों ने दुकान का शटर उखाड़ दिया और अंदर पड़ा सामान चोरी कर लिया। राहुल ने कहा कि जब वह सुबह पहुंचे तो शटर उखड़ा देखा। अंदर गए तो सामान गायब था। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो उसमें छह युवक दुकान के अंदर नजर आए। राहुल ने कहा कि जब युवक अंदर दाखिल होने लगे तो उन्होंने लोई ले रखी थी।
दुकान के अंदर घुसते ही उन्होंने लोई उतार दी। जब उन्होंने युवकों की शक्ल देखी तो पता चला कि आरोपी युवक दोपहर के समय शोरूम में आए थे और उन्होंने करीब दो हजार रुपये का मोबाइल फोन लिया था। जांच के दौरान पता चला कि जाते हुए युवकों ने शोरूम के गेट में लगे लॉक के अंदर कोई चीज डाल दी। जिस कारण दरवाजा लॉक नहीं लग सका। इसी कारण राहुल दरवाजे का लॉक खुला छोड़कर शटर को लगा गए। राहुल ने बताया कि चोरों ने दुकान के अंदर से करीब 22 से 25 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।