जिले के गांव फूस मंडी में स्थित आयल डिपो से डीजल चोरी करने के आरोप में सीआईए स्टाफ पुलिस ने एक गिरोह का पर्दाफाश करते दस लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में जीआरपी का एक हवलदार और डिपो का एक सुरक्षा गार्ड भी शामिल है।
उनकी पहचान बलविंदर सिंह, शमिंदर सिंह, गुरजीत सिंह, मनजीत सिंह, अवतार सिंह, जस्सा सिंह, जगदेव सिंह, हवलदार सुरिंदर सिंह, सुरक्षा गार्ड जसविंदर सिंह और हरभजन सिंह निवासी बठिंडा के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपियों से साढे़ तीन सौ लीटर चोरी का डीजल और चोरी के लिए उपयोग किए जाने वाला कई तरह का सामान भी बरामद किया है।
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी जगदेव सिंह ने आयल डिपो के पास एक खाली जगह लेकर वहां चारदीवारी कर रखी है। वहां पर जीआरपी के हवलदार सुरिंदर सिंह और आयल डिपो के गार्ड जसविंदर सिंह के साथ मिलकर चोरी का डीजल बेचता है।
उक्त सभी आरोपी तब डीजल चोरी करते थे, जब मालगाड़ी के जरिये डीजल को आगे भेजना होता था। वह रेलवे ट्रैक के पास लगे आयल डिपो के निपलों को खोलकर पाइपें लगाकर तेल चोरी करते थे। इसके बाद पुलिस ने छापामारी कर उक्त सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया डीजल बरामद कर लिया है।