कोतवाली देहात की रिपोर्टिंग चौकी नई मंडी क्षेत्र के अगरपुर गांव में हिस्ट्रीशीटर भतीजे ने चाची को गोलियों से भून डाला। मां को बचाने आए बेटे पर भी आरोपियों ने फायरिंग की लेकिन वह बच गया। मृतका के पति ने हिस्ट्रीशीटर भतीजे समेत तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। हत्या के पीछे कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
अगरपुर निवासी बलवीर सिंह पुत्र मलखान सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार रात करीब आठ बजे पत्नी इंद्रेश(43) घर पर खाना बना रही थी। तभी दिल्ली के खजूरी में रहने वाला भतीजा अमित उर्फ अनित पुत्र ब्रह्म सिंह अपने दो साथियों के साथ सफेद रंग की अपाची बाइक पर आया।
एक युवक बाइक पर बैठा रहा। अमित अपने एक साथी के साथ घर के भीतर घुसा और दोनों ने तमंचों इंद्रेश पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इंद्रेश की मौके पर ही मौत हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर बेटा प्रदीप अपनी मां के पास पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी जान से मारने की नीयत से फायरिंग की लेकिन प्रदीप बाल-बाल बच गया।
इसके बाद आरोपी बाइक से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बलवीर ने भतीजे अमित और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि इंद्रेश ने बेटी का रिश्ता कहीं तय कर दिया था, जिससे आरोपी नाराज था।
आरोपी नोएडा के एक थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। हत्या का कारण साफ नहीं है। कुछ ग्रामीणों ने हत्या के पीछे अवैध संबंध भी बताया है। - मानसिंह चौहान, एसपी सिटी
फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
कोतवाली क्षेत्र के गांव में एक विवाहिता का शव उसके ही घर में फंदे पर लटका हुआ मिला। मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाकर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मृतका के पिता गांव करीली निवासी लक्षमन सिंह पुत्र ज्योति प्रसाद ने पुलिस को बताया कि दौलतपुर चौकी क्षेत्र के अनूपशहर मार्ग पर स्थित गावं देवीनगला-3 में उसने अपनी पुत्री की शादी पांच साल पहले कल्यान पुत्र नेत्रपाल से की थी।
ससुरालीजन दहेज की मंाग को लेकर मारपीट कर उत्पीड़न कर रहे थे। बृहस्पतिवार को उन्हें पुत्री की हत्या की सूचना मिली। पुलिस ने पीड़ित लक्षमन सिंह की तहरीर पर पति, देवर व जिठानी पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। चौकी इंचार्ज सतवीर मलिक ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।