पुलिस चौकी हंडियाया में हिरासत के दौरान सल्फास के कारण कस्बा हंडियाया के रहने वाले बलदेव सिंह पुत्र अर्जुन सिंह की मौत की तीसरे दिन शुक्रवार को भी आरोपी पुलिस अधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना जारी रहा। आज भी मृतक बलदेव सिंह का अंतिम संस्कार नहीं किया गया। शुक्रवार को किसान संगठनों व गांव निवासियों ने आरोपी पुलिस अधिकारियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस चौकी हंडियाया का घेराव किया।
प्रदर्शनकारियों ने बलदेव सिंह की मौत का जिम्मेवार सीधे तौर पर चौकी में मौजूद पुलिस अधिकारियों को ठहराया। समूह किसान संगठनों, गांव निवासियों और मृतक के परिजनों लाभ सिंह पंच और शिकायतकर्ता सुखविंदर सिंह उर्फ बबली ने एलान किया कि जब तक आरोपी पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक चौकी का घेराव जारी रहेगा और मृतक बलदेव सिंह का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
स्थिति तनावपूर्ण बनती देखकर कस्बा हंडियाया को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया और जिला पुलिस मुखी गुरप्रीत सिंह तूर खुद मौके पर पहुंच कर सीआईए स्टाफ हंडियाया में बैठ गए। किसान संगठनों के नुमाइंदों, गांव के गणमान्य व्यक्तियों व मृतक बलदेव सिंह के परिजनों से बैठक करने के बाद जिला पुलिस मुखी गुरप्रीत सिंह तूर धरने में प्रदर्शनकारियों के बीच में पहुंचे।
जिला पुलिस मुखी ने कहा कि बलदेव सिंह की मौत के आरोप में पुलिस चौकी इंचार्ज चरनजीत सिंह एवं थाना मुंशी सौदागर सिंह पर कत्ल का मामला दर्ज हो चुका है, उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा हैं। उनको दो दिन का समय दिया जाए, आरोपी पुलिस अधिकारी सलाखों के पीछे होंगे।
किसान संगठनों की ओर से बलौर सिंह इत्यादि, गांव निवासियों व मृतक बलदेव सिंह के परिजनों पंच लाभ सिंह व सुखविंदर सिंह बबली इत्यादि ने चेतावनी दी कि अगर रविवार शाम तक आरोपी पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार न किया गया तो सोमवार से तीखा संघर्ष छेड़ा जाएगा।