सिविल लाईंस में वाहनों की चेकिंग करती पुलिस।
- फोटो : shivharsh
एसपी (सिटी), एसपी (ट्रैफिक) के निर्देश पर शहर में बिना लाइसेंस के बाइक चलाने वाले नाबालिगों के खिलाफ शुक्रवार को अभियान चला। सिविल लाइंस क्षेत्र की घेराबंदी कर पुलिस ने एक घंटे तक बाइक लेकर स्कूल से लौट रहे नाबालिगों की गाड़ियों की चेकिंग की। इस दौरान 15 का चालान काटा गया और 20 से अधिक को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
दोपहर एक बजे टीएसआई बीएन गुप्ता, इंस्पेक्टर कैंट राजीव सिंह ने सिविल लाइंस में बाइक, स्कूटर से जाने वाले छात्रों की चेकिंग शुरू की। बिना लाइसेंस के बाइक चलाते मिले 15 लोगों का चलान करने के साथ ही करीब 20 नाबालिग लड़कियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। कई छात्रों के घरवालों से फोन पर बात कर इंस्पेक्टर कैंट और टीएसआई ने बच्चों की जान जोखिम में डालने का कारण पूछा और अगली बार पकड़े जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
शाम को भी विजय चौक, बक्शीपुर, असुरन में चेकिंग कर बिना लाइसेंस के बाइक चलाने वाले नाबालिगों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया। एसपी (सिटी) हेमराज मीना ने बताया कि कम उम्र में बाइक चलाकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों पर कार्रवाई होगी। पहले दिन कई बच्चों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। अगले दिन से सीधे कार्रवाई होगी।
लगातार चलेगा अभियान
एसपी (ट्रैफिक) डॉ. श्रीप्रकाश द्विवेदी ने बताया कि टीएसआई को बिना लाइसेंस के बाइक और कार चलाने वालों पर अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पहले चरण में कार्रवाई के साथ ही चेतावनी दी जा रही है। स्थिति न सुधरने पर ट्रैफिक पुलिस सभी के साथ सख्ती बरतेगी। अभिभावकों से भी अपील है कि वह बच्चों को गाड़ी चलाने के लिए न दें।