सलेम टाबरी इलाके की एक अकाली नेता के पति को थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने
चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मॉडल टाउन एक्सटेंशन
से उस समय गिरफ्तार किया जब वह चोरी करने की फिराक में था। सलेम टाबरी के
खजूर चौक के पास रहने वाला परमजीत सिंह उर्फ विक्की बड़े ही अनोखे ढंग से
चोरी करता था। जिस घर में समारोह होता था, विक्की वहां के लोगों के साथ घुल
मिल जाता था। उसके बाद सामान चोरी कर फरार हो जाता था। पुलिस ने विक्की के
खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर शनिवार को उसे अदालत में पेश किया। उसे एक
दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
थाना मॉडल टाउन के एसएचओ
इंस्पेक्टर दविंदर कुमार चौधरी ने कहा कि कुछ दिन पहले मॉडल टाउन इलाके में
शादी समारोह हुआ था। आरोपी ने वहां चोरी की। जब समारोह की वीडियो देखी गई
तो पता चला कि विक्की बिन बुलाया मेहमान है। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
शुक्रवार को मॉडल टाउन एक्सटेंशन में समारोह चल रहा था। इसी दौरान विक्की
वहां पहुंच गया और लोगों से घुलने मिलने लगा। किसी ने इसकी जानकारी पुलिस
को दी। पुलिस ने तुरंत छापामारी कर विक्की को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर
दविंदर ने कहा कि पुलिस पूछताछ में विक्की ने बताया कि उसकी पत्नी अकाली
दल की नेता है। उसने माना है कि वह दो वारदात को अंजाम दे चुका है।