गिल रोड स्थित अपने घर से स्कूटी पर किप्स मार्केट कोचिंग सेंटर जा रही एक
छात्रा को डुगरी पुल पर एक तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। इससे छात्रा
की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद थाना डुगरी की पुलिस मौके पर
पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद गिल रोड निवासी मनजोत कौर गिल (18) का शव
पोस्टमार्टम करवाने के बाद वारिसों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मनजोत के
पिता गुरविंदर सिंह की शिकायत पर कैंटर ड्राइवर कमलदीप सिंह के खिलाफ मामला
दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी शिव कुमार ने कहा कि मनजोत 12वीं कक्षा
की छात्रा थी। वह साथ में आइलेट्स की पढ़ाई भी कर रही थी। शनिवार सुबह वह
अपनी स्कूटी पर सराभा नगर किप्स मार्केट स्थित कोचिंग सेंटर में जा रही थी।
उसके पीछे उसके पिता गुरविंदर सिंह और चचेरा भाई ब्रहमजीत सिंह भी अपनी
बाइक पर जा रहे थे। मनजोत डुगरी फ्लाईओवर पर पहुंची तो एक तेज रफ्तार कैंटर
ने उसे टक्कर मार दी। मनजोत सड़क पर जा गिरी और उसकी मौत हो गई। जब तक लोग
कैंटर ड्राइवर को काबू करने जाते, तब तक वह वाहन छोड़ फरार हो गया था।
पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।