जमीन की कुर्की से परेशान होकर खुदकुशी करने वाले युवा किसान गुरदास सिंह के परिजनों और भारतीय किसान यूनियन के नेताओं के आढ़ती साधू राम रोमाणा से समझौता हो गया है। इसके बाद यूनियन ने अपना संघर्ष वापस ले लिया। डिप्टी कमिश्नर डॉ. बसंत गर्ग से मंगलवार को हुई किसान नेताओं की बैठक में यह मामला निपट गया।
साढे़ सात लाख के कर्ज के बदले अदालत से जमीन की कुर्की के आदेश लेने वाले आढ़ती ने उक्त कर्ज माफ कर केस वापस लेने और मृतक के परिवार को चार लाख आर्थिक सहायता दी है। इसके बाद मृतक युवा किसान गुरदास सिंह का उसके गांव जीदा में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
डेढ़ एकड़ जमीन के मालिक किसान की जमीन की कुर्की 30 अगस्त को होनी थी। इससे परेशान होकर किसान ने रविवार रात को फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। किसानों ने कुर्की का केस करने वाले आढ़ती के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग पर संघर्ष शुरू कर दिया था।
भारतीय किसान यूनियन सिधूपुर पंजाब के नेता काका सिंह कोटडा और जिला अध्यक्ष बलदेव सिंह ने यह पुष्टि करते हुए बताया कि डिप्टी कमिश्नर के साथ हुई बैठक में पंजाब सरकार की ओर से तीन लाख मुआवजा कुछ ही दिनों में देने का वादा किया गया है ।