कचहरी परिसर में वकील और उसके साथियों द्वारा एक युवक के हाथ-पैर तोड़कर उसके साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। वहीं सीएमसी में दाखिल युवक की हालत गंभीर है। थाना डिवीजन नंबर पांच के प्रभारी बेअंत जुनेजा का कहना है कि आरोपियों के ठिकानों पर लगातार छापामारी की जा रही है।
25 जनवरी की देर रात एक वकील और उसके साथियों ने कचहरी परिसर में एक युवक के साथ मारपीट की और उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। युवक के हाथ-पैर और सिर पर गंभीर घाव आए हैं। पुलिस ने वकील जीएस साहनी और उसके पांच साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जख्मी मोहम्मद गुलजिश (22) के बयान पर कार्रवाई की है।
पुलिस को दिए बयान में मोहम्मद गुलजिश ने बताया था कि वह गांव मौजी, समस्तीपुर बिहार का निवासी है। कचहरी परिसर में बनी कैंटीन में वह दस साल से काम कर रहा है। रात को काम करने के बाद वह वहीं पर सो जाता है। 25 तारीख की रात को वह बाथरूम जा रहा था। उसने अंधेरे में कुछ लोगों को देखा। जब वह वहां पहुंचा तो उन लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसकी बाजू और टांग तोड़ दी और उसे नीचे फेंक दिया। वह चिल्लाया तो कचहरी में काम करने वाले एक युवक ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद उसे सिविल और फिर बाद में सीएमसी में दाखिल कराया गया।