परिवार को बंधक बनाकर दो करोड़ के गहने, नकदी लूटी
कोल्ड स्टोर मालिक और उसके बेटे को किया घायल
नकाबपोश पांच लुटेरे वारदात को अंजाम देकर फरार
अमर उजाला ब्यूरो
जगरांव (लुधियाना)। शहर की अमीर कालोनी में कोल्ड स्टोर मालिक के परिवार को बंधक बनाकर हथियारबंद पांच नकाबपोश लुटेरों ने घर से करीब सवा दो करोड़ रुपये के गहने और नकदी लूट ली। साथ ही कोल्ड स्टोर मालिक और उसके बेटे को घायल कर दिया। जिले की अब तक की सबसे बड़ी इस लूट की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करनी शुरु कर दी है। अभी तक पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है।
कोल्ड स्टोर के मालिक और कारोबारी नच्छतर सिंह की शहर की पॉश कालोनी हीरा बाग की गली नंबर आठ एल में कोठी है। शनिवार की रात नकाबपोश लुटेरा गिरोह के पांच सदस्य हथियारों के साथ कोठी में दाखिल हो गए। दाखिल होते ही बाहर बरामदे में बैठे नच्छतर सिंह और उनके बेटे नवजोत सिंह के सिर में एक ने तलवार के साथ वार कर दिया।
घायल होने के बाद भी पिता-पुत्र लुटेरों से भिड़ गए। इस दौरान चोट लगी होने के चलते लुटेरों पिता-पुत्र पर भारी पड़े। इसके बाद
लुटेरों पित- पुत्र को घर के अंदर एक कमरे में ले गए। वहां उन्होंने नच्छतर की पत्नी शीतल कौर, बड़ी बहू हरमिंदर कौर, छोटी बहू कमलजीत कौर, चारो पोतों के टेप के साथ हाथ बांध दिए। इसके बाद लुटेरों ने घर की तलाशी ली। परिवार ने लुटेरों को 14 लाख रुपये की नकदी सौंप दी। इसके बाद लुटेरों ने घर में पड़े करीब 70 तोले सोने के जेवरात लूट लिए और फरार हो गए। जाते हुए लुटेरे घर में पड़ी एक्टिवा भी ले गए। लुटेरों के जाने के बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। इससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। डीएसपी अमनदीप सिंह बराड़ का कहना है कि लुटेरों का अभी सुराग नहीं लगा है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।