अमिला(मऊ)। घोसी कोतवाली क्षेत्र के गोफा बाजार स्थित देशी शराब की दुकान में हमलाकर बाइक सवार बदमाशों ने रविवार की रात नौ बजे लूटपाट की। इस दौरान सेल्समैन और उसके साथियों ने एक बदमाश को दबोच लिया। इसके बाद आये दर्जन भर लोगो ने दुकान में तोड़फोड़ की और पकड़े गए युवक को छुड़ाकर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही।
खत्रिपार गांव निवासी कालिका चौहान के नाम से गोफा में देशी शराब की दुकान है। यहां दौलतपुर गांव निवासी रामअवध बतौर सेल्समैन काम करता है। सेल्समैन ने बताया कि रात में बाइक सवार तीन युवक दुकान पर आए और उन्होंने हमलाकर दो लाख रुपया और दो पेटी शराब लूट ली। इस दौरान सेल्समैन और वहां मौजूद दो अन्य ने एक युवक को दबोच लिया। अभी सेल्समैन उससे पूछताछ कर ही रहा था कि तभी 12 की संख्या में आये लोगो ने हमलाकर दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही पकड़े गए युवक को छुड़ाकर ले गए।
उधर, मौके पर पहुँची पुलिस ने बताया कि मामला मारपीट का है, लूट का आरोप निराधार है। पुलिस की माने तो शराब दुकानदार ने वहां ठेला लगाने वाले को हटा दिया। इसको लेकर उसका दुकानदार का विवाद चलता है। इसी विवाद पर हाथापाई हुई। मामले की रिपोर्ट दर्ज नही हुई थी।