अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। हंबड़ा रोड के प्रताप नगर इलाके में रहने वाले 13 साल के कृष्णा ने मानसिक रूप से परेशान होकर बुधवार देर रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला जब उसकी मां ममता उसे खाना-खाने के लिए बुलाने आई। सूचना पर थाना पीएयू की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद कृष्णा का शव वीरवार को पोस्टमार्टम कराकर वारिसों के हवाले कर दिया है।
थाना पीएयू में तैनात जांच अधिकारी एएसआई मलकीत सिंह ने बताया कि कृष्णा के पिता अशोक कुमार की इलाके में ही करियाने की दुकान है। कृष्णा इलाके में ही स्थित एक निजी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। वह कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। वह घर में चुपचाप रहता था। परिजनों ने उसके चुप रहने का कारण पूछा तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। बुधवार रात को अशोक कुमार अपनी दुकान पर था और उसकी मां ममता ने उसे कमरे में बैठाया। वह खुद खाना बनाने के लिए किचन में चली गई। इसी दौरान कृष्णा ने अंदर पड़ी तार को पंखे के साथ बांधा और आत्महत्या कर ली। कुछ समय बाद ममता कृष्णा को खाना खाने के लिए बुलाने आई तो अंदर शव लटका हुआ था। उसका शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। एएसआई मलकीत सिंह ने कहा कि जांच की जा रही है कि ऐसी कौन सी परेशानी थी कि कृष्णा ने छोटी सी उम्र में इतना बड़ा कदम उठाया।