दो दिन का और रिमांड पुलिस ने किया हासिल
अमर उजाला ब्यूरो
जगरांव (लुधियाना)। दो राज्यों में नवजात बच्चों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार गैंग के सारे कांड का पर्दाफाश करने के लिए डीआईजी लुधियाना रेंज रणबीर सिंह खटड़ा के निर्देश पर एसआईटी का गठन कर जांच उन्हें सौंपी।
जिला पुलिस प्रमुख वरिंदर सिंह बराड़ ने बताया कि पूरे मामले की जांच एसआईटी करेगी। गिरोह की तरफ से बेचे गए बच्चों को रिकवर करने और बच्चों की खरीद फरोख्त करने वालों को गिरफ्तार करेगी। उन्होंने बताया कि एसआईटी में डीएसपी प्रभजोत कौर, थाना सिटी के एसएचओ जसपाल सिंह और बाल विभाग के अधिकारी शामिल हैं। एसआईटी टीम आरोपियों से पूछताछ में जहां-जहां बच्चे बेचने की पुष्टि होगी वहां टीम छापामारी करेगी।
उल्लेखनीय है कि जगरांव सीआईए स्टाफ और थाना सिटी की पुलिस ने दो दिन के बेचे बच्चे को सौंपने आ रहे चार सदस्य गैंग रमनदीप कौर, उसकी बहु राजवंत कौर, लाब सिंह और रचना को गिरफ्तार किया था। वीरवार बाद दोपहर थाना सिटी के प्रमुख जसपाल सिंह और पुलिस चौकी बस स्टैंड के प्रमुख हरमेश कुमार की अगुवाई में पुलिस पार्टी ने गैंग के सदस्यों को अदालत में पेश किया। वहां से उन्हें दो दिन का और पुलिस रिमांड मिला। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।