रंजिशन रास्ते में रोककर युवक को पीटा
-आरोपी अगवा कर अपने साथ ले गए युवक को
-पीटने के बाद आरोपियों ने पुलिस को फोन कर बुलाया और किया हवाले
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
ट्रांसपोर्ट नगर के पास पेट्रोल पंप पर मंगलवार की सुबह रंजिश के चलते कुछ युवकों ने बाइक सवार ईडब्ल्यूएस कालोनी के रहने वाले टोनी (26) को मारपीट कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं हमलावर टोनी को मारपीट के बाद उसे अगवा कर कृष्णा कालोनी इलाके में ले गए। वहां पर बुरी तरह से पीटने के बाद हमलावरों ने खुद ही थाना डिविजन छह की पुलिस को फोन कर वहां बुलाया। हमलावरों ने पुलिस को बताया कि यह नशा कर रहा था। इसी वजह से इसे पीटा गया है। पुलिस ने युवक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया और उसके परिजनों को फोन किया। थाना डिविजन छह की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
टोनी के भाई जोनी ने बताया कि वह गिल रोड पर तांबे की खरीद फरोख्त का काम करता है। मंगलवार की सुबह टोनी को बाइक पर किसी काम से कचहरी भेजा था। रास्ते में टोनी ट्रांसपोर्ट नगर के पास स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवा रहा था। इस दौरान हथियारबंद कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और मारपीट करने लग गए। हमलावरों ने उसे बुरी तरह से पीटा और उसे अगवा कर अपने साथ ले गए। वहां पर भी टोनी को बुरी तरह से पीटा गया और हमलावरों ने खुद ही पुलिस को फोन कर कहा कि वह नशा कर रहा था तो उसे काबू किया गया है। जोनी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसकी जेब में खुद ही नशा रख दिया और पुलिस को फोन कर दिया। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची और टोनी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल दाखिल कराया। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को फोन किया। थाना डिविजन छह के एसएचओ इंस्पेक्टर दविंदर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी है। जिस वजह से दोनों में पुरानी रंजिश चल रही है। पुलिस ने घायल के ब्यान दर्ज कर लिए है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।