नशा करने के लिए दो साथियों के साथ मिलकर करता था वारदात
ड्यूटी खत्म करने के बाद साथियों के साथ करता था लूटपाट
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। आईआरबी बटालियन 7 में बतौर सीनियर सिपाही तैनात आरोपी को उसके दो साथियों के साथ थाना डिवीजन आठ की पुलिस ने लूटकांड में गिरफ्तार किया है। आरोपी होशियारपुर के मोहल्ला दिल्ली गेट निवासी संदीप सिंह उर्फ सैंडी ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने दोनों साथियों के साथ लूटपाट के लिए निकलता था। चौकी घुमारमंडी की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों को इलाके में नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल और लूटपाट में इस्तेमाल की जाने वाली बाइक भी बरामद की गई है। आरोपियों की पहचान संदीप सिंह उर्फ सैंडी, गांव बाड़ेवाल निवासी महिंदर खत्री उर्फ नेपाली व मनिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
एसीपी सिविल लाइन मंदीप सिंह ने बताया कि चौकी घुमारमंडी के इंचार्ज एएसआई जसकरण सिंह की अगुवाई में पुलिस पार्टी ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी वहां से गुजर रहे थे। पुलिस पार्टी ने आरोपियों को रोक लिया। पहले तो आरोपी सैंडी ने खुद को पुलिस मुलाजिम बताकर बचने की कोशिश की लेकिन शक के बिनाह पर आरोपियों से चेकिंग के दौरान मोबाइल बरामद किए गए। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मुलाजिम हैं और ड्यूटी के बाद लूटपाट के लिए साथियों के साथ निकलता है। इसके बाद पुलिस ने तीनों को काबू किया।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी नशा करने के आदी है। तीनों आरोपियों ने महानगर के अलग अलग थानों में 14 के करीब वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी लूटपाट का सामान बेचकर नशा करते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगा रही है कि आरोपियों से बरामद बाइक चोरी का है या इनका अपना। ।