‘खाकी का खेल, तस्कर बाहर नशेड़ियों को जेल’
बुजुर्ग ने तस्कर को छोड़ने, नशेे के लती भतीजों को पकड़ने का आरोप लगाया
एसएसपी ने थाना नंदगढ़ की पुलिस के खिलाफ जांच डीएसपी (आर) को सौंपी
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। जिले के गांव चुघे खुर्द निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग ने थाना नंदगढ की पुलिस पर नशा तस्करों को पैसे लेकर छोड़ने और नशा करने वालों को जेल भेजने का आरोप लगाया है। बुजुर्ग ने थाना नंदगढ पुलिस के खिलाफ एसएसपी नानक सिंह को शिकायत देकर इंसाफ की मांग की है। एसएसपी ने मामले की जांच डीएसपी (आर) को सौंप दी है।
एसएसपी को दी गई शिकायत में बुजुर्ग जगसीर सिंह ने बताया कि उसके दो भतीजे सत्ती सिंह और कुलदीप सिंह नशा करने के आदी है। गांव के दो लोग इलाके में नशा बेचते हैं। इन दोनों से करीब पांच दिन पहले उसके दोनों भतीजे नशा खरीदने गए थे। वहां पर थाना नंदगढ पुलिस ने तस्कर और उसके भतीजों को नशे समेत पकड़ लिया। बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि पुलिस ने नशा तस्कर को छोड दिया और उसके दोनों भतीजों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया। बुजुर्ग ने आरोप लगाया विरोध करने पर एक थानेदार धमकाने लगा कि उस पर भी नशा तस्करी का केस दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा।
थाना नंदगढ के एएसआई मलकीत सिंह का कहना था कि उन्होंने 14 मार्च को सत्ती सिंह, कुलदीप सिंह और मोहकम सिंह के लड़के राजविंदर सिंह से गांव चुघे खुर्द में ही 140 नशीली गोलियां बरामद कर केस दर्ज किया था। सत्ती सिंह और कुलदीप सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और राजविंदर सिंह ही फरार हो गया था।
एएसआई के बयान में कई पेंच
एएसआई मलकीत सिंह का बयान गले नहीं उतर रहा। नशा तस्कर पुलिस के सामने से फरार हो जाए मुमकिन नहीं है। एएसआई ने बताया कि उन्होंने तीनों आरोपियोें को रोककर उनकी तलाशी लेते हुए उनसे नशीली गोलियां बरामद की थीं, उस समय उनके साथ चार अन्य पुलिस कर्मी हथियार समेत मौजूद थे। इसके बावजूद नशा तस्कर पुलिस के सामने से फरार हो गया। इससे एएसआई की बात पर सवाल उठ रहे हैं।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी,
एसएसपी नानक सिंह का कहना है कि बुजुर्ग ने शिकायत दी है। जांच डीएसपी (आर) को सौंप दी है। मामले में पुलिस कर्मी की गलती पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बठिंडा रेंज के आईजी एम एफ फारूकी का कहना था कि वह मामले की गंभीरता से जांच कराएंगे।