बर्खास्त सिपाही हेरोइन तस्करी के आरोप में पत्नी संग गिरफ्तार
दोनों से एंटी नारकोटिक्स सेल ने 41 ग्राम हेरोइन की बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
जगरांव (लुधियाना)। एंटी नारकोटिक्स सेल ने पंजाब पुलिस के बर्खास्त कांस्टेबल और उसकी पत्नी को नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों ने शार्टकट तरीके से पैसा कमाने के चक्कर में हेरोइन तस्करी का धंधा शुरू कर दिया था। दोनों के कब्जे से 41 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। बर्खास्त आरोपी के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बर्खास्त सिपाही संजीव कुमार और उसकी पत्नी मंजीत कौर उर्फ मीता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर नवदीप सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पंजाब पुलिस से बर्खास्त कांस्टेबल संजीव कुमार और उसकी पत्नी हेरोइन सप्लाई करने जा रहे हैं। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद नई दाना मंडी के पास नाकाबंदी कर ली। आरोपी वहां से पुलिस को देख पीछे मुड़ा, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी काफी समय से हेरोइन तस्करी का धंधा कर रहे हैं।