एएसआई रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
लुधियाना। आपराधिक मामले में गिरफ्तार व्यक्ति का पुलिस रिमांड न मांगने की एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले पंजाब पुलिस के एएसआई को विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को थाना डिविजन पांच से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में साहनेवाल के पांगलिया निवासी गुरबक्श सिंह की शिकायत पर थाना डिविजन पांच में तैनात एएसआई राजिंदर कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। विजिलेंस की टीम आरोपी एएसआई को मंगलवार अदालत में पेश करेगी। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।
विजिलेंस के डीएसपी जसविंदर सिंह ने बताया कि गुरबक्श सिंह के फूफा सरदूल सिंह के खिलाफ थाना डिविजन पांच में धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज हुआ था। एएसआई राजिंदर कुमार के पास मामले की जांच थी। एएसआई राजिंदर सिंह ने उसे रिमांड पर लेने की बात की।इसके बाद पांच हजार रुपये गुरबक्श सिंह से ले लिए। आरोपी ने उसे रिमांड पर ले लिया। उसके बाद आरोपी ने 15 हजार रुपये की और मांग की और कहा कि 15 हजार रुपये मिलने के बाद वह सरदूल सिंह का रिमांड नहीं लेगा।
इसके बाद गुरबक्श सिंह ने इसकी शिकायत विजिलेंस की टीम को दी। पैसे देने का समय सोमवार का थाने में ही रखा गया। जब गुरबक्श सिंह ने एएसआई को पैसे दिए तो विजिलेंस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जसविंदर सिंह ने कहा कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी हुई है कि उसके साथ ओर कौन शामिल है। आरोपी एएसआई को मंगलवार अदालत में पेश किया जाएगा।