बस में तोड़फोड़ कर आग लगाने वालों पर मामला दर्ज
ड्राइवर की शिकायत पर थाना टिब्बा की पुलिस ने किया मामला दर्ज
तोड़फोड़ करने वाले एक की हुई पहचान, बाकी है अभी अज्ञात
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बस्ती जोधेवाल चौक के पास पीआरटीसी की बस में हादसे के बाद तोड़ फोड़ कर आग लगाने वाले लोगों पर थाना टिब्बा की पुलिस ने मामला दर्ज किया है। तोड़ फोड़ करने वालेएक आरोपी की पहचान हुई है, बाकी की पहचान करने में पुलिस जुटी है। पुलिस ने यह मामला होशियारपुर के गांव गुलाहत निवासी बस ड्राइवर शशि पाल की शिकायत पर प्रितपाल सिंह और अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बस्ती जोधेवाल चौक के पास शुक्रवार की सुबह बुलेट मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की टक्कर के बाद मौत हो गई थी। जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने बस में तोड़ फोड़ शुरू कर दी। ड्राइवर और अन्य लोगों ने भाग कर जान बचाई। इसी दौरान बेकाबू भीड़ ने बस को आग के हवाले कर दिया। थाना टिब्बा के एसएचओ इंस्पेक्टर परमजीत सिंह ने बताया कि पुलिस के पास कुछ फोटो और वीडियो आई है। जिसमें लोगों की पहचान की जा रही है। अभी तक एक व्यक्ति की पहचान हो चुकी है, मगर उसका कुछ एड्रेस अभी नहीं मिला है। बाकी के लोगों की पहचान भी की जा रही है।
ड्राइवर को जमानत के बाद पुलिस ने किया रिहा
सुभाष नगर के रहने वाले अरविंद भूषण की हादसे में मौत के बाद थाना टिब्बा की पुलिस ने पीआरटीसी के ड्राइवर शशि पाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कुछ समय थाने में रखने के बाद उसकी जमानत ली और उसे रिहा कर दिया। रिहा करने के बाद पुलिस ने शशि पाल से शिकायत लेकर बस में तोड़ फोड़ करने वालों पर मामला दर्ज किया। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद अरविंद का शव वारिसों को सौंप दिया। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।