पीसीआर कर्मचारी पर बाप-बेटे ने किया हमला, फाड़ी वर्दी
बीच बचाव कराने गया था, आरोपी बाप बेटे पर मामला दर्ज
आरोपी बाप-बेटा हुए गिरफ्तार, पूछताछ में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। मारपीट के मामले में बीच बचाव कराने गए पीसीआर मोटरसाइकिल नंबर 56 पर तैनात मुलाजिम गुरशिंदर सिंह पर बाप बेटे ने हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे बुरी तरह से पीटकर वर्दी तक फाड़ दी। जिसके बाद दोनों बाप बेटा धमकियां देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घायल मुलाजिम गुरशिंदर सिंह को इलाज के लिए सिविल अस्पताल दाखिल कराया। पुलिस ने गुरशिंदर सिंह की शिकायत पर भवनेश और उसके पिता काली चरण पर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस मुलाजिम गुरशिंदर सिंह अपने साथी बलविंदर सिंह के साथ शनिवार की शाम राजगुरू नगर स्थित इलाहाबाद बैंक के बाहर ड्यूटी कर रहे थे कि एक लड़का भागता हुआ गुरशिंद्र सिंह के पास आया और हथियारों सहित पीछे आ रहे लोगों से उसे बचाने की गुहार लगाई। पीसीआर कर्मी गुरशिंद्र सिंह ने तभी वहां हथियारों सहित पहुंचे 5-7 लोगों को लड़के के साथ कुछ भी गलत न करने की चेतावनी दी और वहां से चले जाने को कहा। पुलिस को देख एक व्यक्ति को छोड़ बाकी लोग वहां से तितर बितर हो गए। पर एक आरोपी भवनेश जो कि वहां रुका रहा और उसने अपने पिता काली चरण को भी मौके पर बुला लिया। कालीचरण ने पीसीआर कर्मी गुरशिंद्र सिंह को थप्पड़ मारा और दोनों ने मारपीट शुरू कर दी। इस हाथापाई में दोनों बाप बेटे ने पीसीआर कर्मी की वर्दी फाड़ दी। पीसीआर कर्मी के दूसरे साथी बलविंद्र ने थाना सराभा नगर के ड्यूटी अफसर को इसकी सूचना देकर मौके पर बुलाया। जिसके बाद दोनों आरोपी बाप बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया।