बच्चे को अगवा कर गला रेता, गंभीर
परिजनों से रंजिश के बाद किया अगवा, फिर हत्या का प्रयास
मामला दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
शिमलापुरी इलाके में परिजनों के साथ चल रही रंजिश का बदला लेने के लिए एक व्यक्ति ने छह साल के बच्चे को अगवा कर लिया। आरोपी ने तेजधार हथियार से बच्चे का गला रेत कर हत्या करने की कोशिश भी की। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद उसे सीएमसी अस्पताल रेफर किया गया। पीड़ित की पहचान दशमेश नगर निवासी अरबाज के तौर पर हुई है। थाना शिमलापुरी पुलिस ने अरबाज के पिता मोहम्मद शौकत खान की शिकायत पर उसके पड़ोसी बिट्टू कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मोहम्मद शौकत के मुताबिक जिस बेहड़े में वह किराए के कमरे में रहता है, आरोपी बिट्टू भी उसी बेहड़े में किराए पर रहता है। आरोपी की उसके साथ रंजिश चल रही थी। बुधवार को आरोपी उसके बेटे अरबाज को अपने साथ ले गया। उसने गला रेत कर उसकी हत्या की कोशिश की। आरोपी उसके बेटे को घर के पास ही छोड़कर फरार हो गया। घायलावस्था में उसके बेटे को निजी अस्पताल पहुंचाया। जांच अधिकारी जतिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।