बुलेट सवार युवकों ने तोड़े कारों के शीशे
बुलेट से पटाखे चलाने से मना करने पर युवकों की करतूत
पुलिस के पास पहुंची शिकायत, जांच के बाद होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। जमालपुर की सरपंच कालोनी में सोमवार की देर रात को उस समय हंगामा हो गया, जब शादी समारोह में आए कुछ युवकों ने बुलेट मोटरसाइकिल के पटाखे चलाए और लोगों के मना करने पर कारों के शीशे तोड़ दिए। इलाके को लोगों ने उन्हें काबू करने की कोशिश की, लेकिन वग फरार होने में कामयाब हो गए। थाना जमालपुर की पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
शिरोमणि अकाली दल की कार्यकर्ता सुखजिंदर कौर बराड़ के मुताबिक उनके इलाके में रहने वाले अमरीक सिंह की बेटी की शादी थी। सोमवार की रात को जागो समारोह चल रहा था। देर रात को इलाके के लोग सो गए थे। इस दौरान समारोह में आए युवकों ने बुलेट के मोटरसाइकिल से पटाखे मारने शुरू कर दिए। उनका बेटा अमनदीप सिंह बीमार था। वह बाहर आकर उन्हें मना करने लगा। इसी बात को लेकर उनमें कहासुनी हो गई। शोर की आवाज सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने युवकों के बाइक की चाबी निकालने की कोशिश की।
अमरीक ने बीच बचाव करा मामला शांत करवा दिया। रात करीब दो बजे कुछ युवक फिर आए और गालियां देते हुए घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और अमन के घर में पत्थरबाजी कर फरार हो गए। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। एएसआई बलदेव सिंह ने बताया कि शिकायत पुलिस के पास आ चुकी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।