नाके पर खड़ी महिला मुलाजिम का हाथ पकड़कर छेड़छाड़, एक काबू
लुधियाना। फिरोजपुर रोड पर रेड सिग्नल जंप कर निकल रहे स्कूटर सवार युवक को पुलिस महिला कर्मी ने जैसे रोका, आरोपी ने मुलाजिम की मौके पर हाथ पकड़ लिया और अश्लील हरकत की। जैसे महिला मुलाजिम ने उसका विरोध किया, नाके पर खड़े अन्य मुलाजिमों ने आरोपी युवक को धर दबोचा और डिविजन नंबर 8 पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी युवक ने नशा कर रखा था।
जानकारी के अनुसार पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित महिला मुलाजिम ने बताया कि वह पंजाब पुलिस में बतौर कांस्टेबल भर्ती है। 4 नवंबर को उसकी ड्यूटी फिरोजपुर येस बैंक के पास लगी थी। इस दौरान एक स्कूटर सवार युवक ने रेड लाइट होने के बावजूद उसे जंप किया। उसने तुरंत आगे आकर उसे हाथ देकर रोकना चाहा, तो आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया और अश्लील हरकत की। उसके साथ नाके पर तैनात मुलाजिमों ने उसे तुरंत काबू किया। जिसकी पहचान आनंद विहार पखोवाल रोड निवासी वरुण कौड़ा के तौर पर हुई है। डिविजन नंबर 8 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।