लुधियाना। गुरदेव नगर में दो दिन पहले रखे नौकर ने कारोबारी की कोठी में काम करने वाले ड्राइवर को कमरे में बंद कर और दूसरे नौकर को बेहोश कर साथी के साथ लूटपाट की। वारदात के समय कारोबारी चंडीगढ़ अपने रिश्तेदार के यहां गया हुआ था। वापस आने पर उन्हें पता चला। न्होंने तुरंत बेहोश नौकर को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पुलिस अधिकारी और थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी नौकर को दो दिन पहले ही उनके पुराने नौकर ने गांव जाने से पहले रखवाया था। अब पुलिस ने पुराने नौकर महेश बहादुर, नए नौकर सुरिंदर बहादुर और उनके अज्ञात साथियों पर मामला दर्ज कर लिया है।
गुरदेव नगर के रहने वाले नंद किशोर ने बताया कि उनकी हौजरी है। उनके पास महेश बहादुर ढाई सालों से काम कर रहा था। महेश के अलावा उनके पास ड्राइवर सुमित और दूसरा नौकर शाम भी काम करते हैं। दो दिन पहले महेश ने गांव जाना था। वह सुरिंदर बहादुर को उनके पास काम पर रखवा गया था। कारोबारी नंद किशोर का कहना है कि चंडीगढ़ गए हुए थे। घर पर ड्राइवर सुमित, सुरिंदर और शाम था। जब वह वापस पहुंचे तो घर खुला हुआ था। अंदर कोई नहीं था। वह नौकरों को ढूंढते हुए अंदर कमरे में गए तो ड्राइवर के कमरे को बाहर से लॉक किया गया था। उन्होंने गेट खोला तो अंदर सुमित था। उसने बताया कि उसे कोई बाहर से लॉक कर गया था। इसके बाद जब दूसरे कमरे में गए तो वहां शाम बेहोश पड़ा हुआ था। उसे तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। कारोबारी ने बताया कि सुरिंदर वहां नहीं था। थोड़ा होश आने पर शाम ने बताया कि सुरिंदर ने उसे नशीली कोल्ड्रिंक पिलाई थी। थाना डिवीजन नंबर 5 के प्रभारी मनजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।