गन प्वाइंट पर ड्राइवर से लूटी वरना कार
आई-20 सवार तीन लुटेरों ने शनिवार सुबह ढाई बजे दिया वारदात को अंजाम
डांस ग्रुप का समारोह खत्म कर जालंधर बाईपास के पास घर जा रहा था ड्राइवर
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। आई-20 कार में सवार लुटेरा गिरोह के तीन सदस्यों ने शनिवार की रात करीब ढाई बजे डांस ग्रुप के ड्राइवर से गन प्वाइंट पर वरना गाड़ी लूट ली। कार लूटने से पहले लुटेरों ने उसकी कार में टक्कर मारी। उसके बाद नीचे उतर कर कार देखने के बहाने ड्राइवर को गन प्वाइंट पर लिया और कार लूट कर फरार हो गए। ड्राइवर ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी और थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भट्टियां बेट स्थित हजूरी बाग कालोनी निवासी विजय कुमार की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ड्राइवर विजय कुमार की ओर से पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक वह हनी नंबर वन डांस ग्रुप के साथ काम करता है। वह प्राइवेट तौर पर गाड़ी चलाता है। शनिवार की रात करीब दो बजे वह आरती चौक से जालंधर बाईपास के पास स्थित अपने घर के लिए निकला था। वह ढाई बजे के करीब जालंधर बाईपास के पास पहुंचा। इस दौरान आई-20 कार ने उसकी गाड़ी में टक्कर मार दी। इसी दौरान आई-20 कार दो लोग निकले।
जब वह गाड़ी देखने के लिए नीचे झुका तो एक ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल रख दी और उसे कार से बाहर निकलने के लिए कहा। इसी दौरान लुटेरे उसकी कार लेकर जालंधर की तरफ फरार हुए। इसी दौरान विजय ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को देने के बाद मालिकों को सूचित किया। जांच अधिकारी एएसआई प्रेम सिंह ने बताया कि लुटेरा गिरोह के सदस्य जालंधर साइड की तरफ जाकर हंबड़ा रोड की तरफ हुए है। उनके पास जो आई-20 कार थी वह हरियाणा नंबर थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।